Breaking
Sun. May 19th, 2024

जनता की भावनाएं भाजपा के षड्यंत्र के बाद कांग्रेस के साथ -सीएम सुक्खू

By admin Apr17,2024

अनवर हुसैन/शिमला

प्रदेश भाजपा जितना भी जोर लगा ले! वह कांग्रेस सरकार की घोषणा के अनुरूप महिलाओं को हर माह इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत दी जाने वाली 1500 रुपए की राशि को नहीं रुकवा सकती। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को प्रदेश पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव आयोग से 1500 रुपए की राशि महिलाओं को जारी करने की अनुमति मांगी है। सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले वर्ष स्पीति घाटी से इसकी शुरूआत की थी और इस वर्ष पहले लाहौल घाटी में इसे शुरू किया तथा अप्रैल माह से राज्य की 9 लाख महिलाओं को 1500 रुपए मिलने थे लेकिन भाजपा ने निर्वाचन आयोग के पास जाकर इसे रोकने का काम किया। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ ही मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस अपने वायदे पर कायम है और यदि इसकी अनुमति नहीं मिली तो जून महीने में 2 महीने के 3 हजार रुपए एक साथ जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाएं इसके लिए फार्म भरें व कार्यालय में जमा करवाएं। यदि फार्म नहीं लिए जाते तो कांग्रेस विधायकों के पास फार्म जमा करवाएं। सीएम ने कहा कि जैसे पीएम किसान निधि योजना है, उसी तर्ज पर महिलाओं के लिए राज्य सरकार यह राशि जारी कर रही है। जब पीएम किसान योजना की किस्त जारी की जा सकती है तो फिर महिलाओं के लिए राशि जारी क्यों नहीं करने दी जा रही है।

सीएम सुक्खू ने कांग्रेस के बागी पूर्व विधायकों पर राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि जो बिक गए, वे जनता के सच्चे सेवक नहीं हो सकते। सीएम ने दावा किया कि प्रदेश की जनता मन बना चुकी है कि वह उपचुनाव में बिकने वाले और खरीदने वाले दोनों को कड़ा सबक सिखाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जनता ठान ले और कांग्रेस उम्मीदवारों को जिताए तो यही भाजपा के लिए सच्चा सबक होगा। इसका पूरे देश में भी एक संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की भावनाएं भाजपा के षड्यंत्र के बाद कांग्रेस के साथ हैं और पार्टी लोकसभा की सभी चारों सीटों के साथ ही विधानसभा के सभी 6 उपचुनाव जीत दर्ज करेगी।

सीएम सुक्खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर दिन में ही मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को एक तरह से उन्हें दिन में सपने देखने की बीमारी हो चुकी है और अभी इस बीमारी का इलाज वैज्ञानिक ढूंढ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब चुनावी परिणाम आएंगे तो इनके सपने चूर-चूर हो जाएंगे।
वॉयस ओवर – सीएम ने कहा कि जिस तरह भाजपा ने राज्यसभा सीट चुराई है, जनता इसका जवाब लोकसभा की चारों सीटें और विधानसभा उपचुनाव में सभी 6 सीटें कांग्रेस की झोली में डाल कर देंगी। इसके साथ ही सीएम ने भाजपा को अभद्र भाषा से परहेज करने और मुद्दों पर बात करने की सलाह भी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धन बल के दम पर सत्ता हासिल करने के मंसूबे पाले हुए है, लेकिन उसे इनमें सफलता नहीं मिलेगी।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया है। अभी इस योजना को प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद विधानसभा में इस संदर्भ में कानून बनाया जाएगा। कानून के बनने से इस योजना को बंद नहीं किया जा सकेगा।

प्रैस कान्फ्रेस के दौरान कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आई आपदा किसी से छिपी नही है। आपदा के दौरान कांग्रेस सरकार की मशीनरी ने जिस प्रकार से आपदा ग्रस्त लोगों की सहायता की वह अपने आप में एक बड़ा सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा दलगत राजनीति के तहत मुद्दों की बात करती है। लेकिन अपने किए हुए वायदों को कभी नहीं निभाती। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार की उपलब्धियां और भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा किए गए नाकाम वायदों को जनता के बीच लेकर जाएंगे और हिमाचल की जनता से उन्हें आशा है कि उन्हें भरपूर सहयोग प्राप्त होगा।

By admin

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *